Thursday, 23 July 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

जीआई-टैग आमों ने बढ़ाई भारत की शान, खाड़ी देशों में ‘मैंगो मेनिया’ की धूम

By admin · · 3 min read · 5 views

जीआई-टैग आमों ने बढ़ाई भारत की शान, खाड़ी देशों में ‘मैंगो मेनिया’ की धूम

रियाद। सऊदी अरब और कुवैत में भारतीय आमों के वार्षिक उत्सव ‘मैंगो मेनिया 2026’ का शानदार आगाज हुआ है। यहां स्थित भारतीय मिशनों ने भारत के कृषि और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के संगठन एपिडा के साथ मिलकर लगभग 100 से अधिक प्रीमियम और जीआई-टैग वाली आम की किस्मों का प्रदर्शन किया।
सऊदी अरब में रियाद और जेद्दा के प्रमुख लुलु हाइपरमार्केट में लगाई गई प्रदर्शनी में रोजाना सैकड़ों लोग जुट रहे हैं और भारत में पैदा होने वाले स्वादिष्ट आमों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। रियाद में भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और जेद्दा के काउंसिल जनरल फहद अहमद खान सूरी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। वहीं कुवैत में भारतीय राजदूत परमिता त्रिपाठी ने भी लुलु हाइपरमार्केट में लगी शानदार प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने 21 मई को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रदर्शनी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा राजदूत परमिता त्रिपाठी ने लुलु हाइपरमार्केट में ‘मैंगो मेनिया’ उत्सव का उद्घाटन किया। ‘मैंगो मेनिया’ दुनिया भर के आमों की समृद्धि और विविधता का जश्न मनाता है, जिसमें भारत की लोकप्रिय किस्में जैसे अल्फोंसो, बादामी, मल्लिका, तोतापुरी, हिमपसंद और राजापुरी शामिल हैं। इस उत्सव में आम से बने कई स्वादिष्ट व्यंजन शामिल हैं, जिनमें ताज़े जूस, स्नैक्स, करी, सलाद और अचार शामिल हैं।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा इस उत्सव में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त आमों की लगभग 100 बेहतरीन किस्मों को प्रदर्शित किया गया है, जो भारतीय आम की खेती की समृद्ध विविधता, स्वाद और विरासत का जश्न मनाता है। यह कार्यक्रम भारत और सऊदी के बीच बढ़ती कृषि और व्यापारिक साझेदारी को दर्शाता है, जिसमें यह साम्राज्य (सऊदी अरब) भारतीय आमों के निर्यात के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में से एक के रूप में उभर रहा है।
‘मैंगो मेनिया’ विदेशों में भारतीय आमों की लोकप्रियता एवं उनके निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है। भारतीय मिशनों की ओर से इस तरह के फेस्ट प्रत्येक वर्ष अधिकतर सऊदी अरब, कुवैत, कतर, बहरीन और यूएई जैसे खाड़ी देशों में आयोजित किए जाते हैं। कई बार अमेरिका, ब्रिटेन व यूरोप में भी ऐसे फेस्ट हुए हैं। इस दौरान भारतीय निर्यातकों और विदेशों में स्थित सुपरमार्केट चेन के बीच व्यापारिक समझौतों को मजबूत करने के लिए विशेष बैठकें भी आयोजित होती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय आम की विभिन्न किस्मों का प्रदर्शन होने से विदेशी खरीदारों को आकर्षित करना आसान हो जाता है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment