Thursday, 23 July 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

विदेश राज्य मंत्री मार्गेरिटा ने जी20 बैठक में किया भारत का प्रतिनिधित्व

By admin · · 3 min read · 7 views

जोहान्सबर्ग। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने 25 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में आयोजित जी20 की एक बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। मार्गेरिटा ने म्पुमलंगा स्थित क्रूगर राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित जी20 विकास मंत्रिस्तरीय बैठक (डीएमएम) में भाग लिया और सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) वित्तपोषण अंतर को पाटने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर भारत की प्रमुख उपलब्धियों को भी वैश्विक नेताओं के समक्ष प्रस्तुत किया।
मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा अवैध वित्तीय प्रवाह और सामाजिक सुरक्षा से निपटने पर आयोजित जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के पहले सत्र में भाग लिया। सभी के लिए समावेशी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) के वित्तपोषण अंतर को पाटने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान विश्व के सामने मौजूद प्रमुख विकास मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें मार्गेरिटा सहित जी20 समूह के विभिन्न सदस्यों ने अपने विचार रखे। राज्य मंत्री ने बैठक से इतर कई अफ्रीकी नेताओं से भी मुलाकात की और दक्षिण अफ्रीकी अध्यक्षता की प्राथमिकताओं के प्रति भारत का समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने अफ्रीका के लिए महत्वपूर्ण खनिजों और ऋण स्थिरता के महत्व पर बल दिया।
मार्गेरिटा ने बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे अन्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में लिखा जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के दौरान फ्रांस के अंतरराष्ट्रीय भागीदारी मंत्री थानी मोहम्मद-सोइलीही से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। 4पी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में हमारे साझा हितों को जारी रखने, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय ढांचे में सुधार और आपदा प्रतिरोधक क्षमता पर चर्चा हुई।
मार्गेरिटा अफ्रीकी देश एस्वातिनी और लेसोथो की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद 24 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे। उन्होंने ग्लोबल साउथ के देशों एस्वातिनी और लेसोथो के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने पर चर्चा की।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment