Wednesday, 22 July 2026
Latest News

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश ने पोप के शपथ ग्रहण समारोह में लिया हिस्सा

By admin · · 2 min read · 2 views

वेटिकन सिटी। कैथोलिक ईसाइयों के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप लिओ-14 ने रविवार को वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्क्वायर में औपचारिक रूप से शपथ ग्रहण की। इस ऐतिहासिक अवसर पर दुनियाभर के धार्मिक एवं राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति रही। राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भव्य समारोह में भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
ऑस्ट्रिया स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा राज्यसभा के उपसभापति माननीय हरिवंश ने वेटिकन सिटी में परम पावन पोप लियो XIV के पदभार ग्रहण करने के भव्य समारोह में भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। माननीय उपसभापति के साथ नागालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन भी थे। समारोह के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पोप लियो XIV से मुलाकात की और पोप का पदभार ग्रहण करने पर उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी। परम पावन पोप लियो XIV ने इस अवसर पर भारत की उच्च स्तरीय उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इससे पहले वियना स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और ऑस्ट्रिया में भारत के राजदूत शंभू एस. कुमारन ने वेटिकन में राजनयिकों के साथ मुलाकात के दौरान परम पावन पोप लियो को शुभकामनाएं दीं थीं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लियो को सर्वोच्च पोप के रूप में उनके चुनाव पर बधाई देते हुए ट्वीट किया था।
कार्यक्रम के दौरान पोप को एक धार्मिक वस्त्र व एक अंगूठी दी गई। धार्मिक वस्त्र नए पोप के पदभार ग्रहण करने का प्रतीक होता है। यही अंगूठी अब उनकी मुहर होगी। पोप लियो ने सामूहिक प्रार्थना सभा के दौरान प्रेम व एकता का संदेश दिया। उन्होंने एकजुटता के लिए काम करने का संकल्प दोहराया, ताकि कैथोलिक चर्च दुनिया में शांति का प्रतीक बन सकें।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment