Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

दुनिया के साथ आगे बढ़ना चाहता है भारत: जयशंकर

By admin · · 3 min read · 164 views

ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रविवार को कहा कि भारत विकास के पथ पर अग्रसर है और दुनिया के साथ आगे बढ़ना चाहता है। जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया के देशों में भारत के साथ काम करने की इच्छा और भावना है।
जयशंकर ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। विदेश मंत्री ने ब्रिसबेन में क्वींसलैंड की राज्यपाल जीनेट यंग के साथ मुलाकात के बाद कहा क्वींसलैंड राज्य के साथ आर्थिक, व्यापार और निवेश सहयोग को मजबूत करने के अवसरों और तरीकों पर चर्चा की।
विदेश मंत्री ने ब्रिसबेन के रोमा स्ट्रीट पार्कलैंड्स में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और साथ ही ब्रिसबेन में स्थापित भारत के नए महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन भी किया, जो कि ऑस्ट्रेलिया में भारत का चौथा महावाणिज्य दूतावास है। उन्होंने उद्घाटन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा ब्रिसबेन में भारत के नए महावाणिज्य दूतावास का औपचारिक रूप से उद्घाटन करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह क्वींसलैंड राज्य के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने, व्यापार एवं शैक्षिक संबंधों को बढ़ावा देने और प्रवासी समुदाय की सेवा करने में योगदान देगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार अपने इस दौरे के दौरान जयशंकर कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ 15वें विदेश मंत्रियों की रूपरेखा वार्ता (एफएमएफडी) की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इसके साथ ही वह ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में आयोजित होने वाले दूसरे रायसीना डाउन अंडर के उद्घाटन सत्र में मुख्य संबोधन देंगे। उनका ऑस्ट्रेलियाई नेतृत्व, सांसदों, व्यापारिक समुदाय, मीडिया और प्रबुद्ध वर्ग के साथ भी बातचीत करने का कार्यक्रम है। जयशंकर 8 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया से सिंगापुर की यात्रा के लिए निकल जाएंगे, जहां वह आसियान-भारत थिंक टैंक नेटवर्क के 8वें गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment