Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

कीर्तिवर्धन सिंह ने येरेवन डायलॉग फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व किया

By admin · · 3 min read · 115 views

येरेवन। आर्मेनिया की राजधानी में 9-11 सितंबर के बीच आयोजित येरेवन डायलॉग फोरम में विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। संवाद में कई देशों के नेताओं, शिक्षाविदों और छात्रों सहित विभिन्न हितधारकों ने वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
सिंह ने ‘अनिश्चितता के युग में जलवायु सुरक्षा’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लिया और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने जलवायु सुरक्षा के लिए भारत की प्रतिबद्धता और मिशन लाइफ तथा अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सहित भारत द्वारा की गई नायाब पहलों पर बात की।
विदेश राज्य मंत्री ने संवाद से इतर आर्मेनिया के उप प्रधानमंत्री एम. मेहर ग्रिगोरियन के साथ बैठक की, जिसमें दोनों नेताओं के बीच बहुआयामी और पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति हुई। इसके अलावा सिंह ने अर्मेनियाई विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान के साथ भी बैठक की, जिसमें दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे को और बढ़ाने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रखने की तत्परता व्यक्त की। इस दौरान विभिन्न प्लेटफार्मों और प्रारूपों में साझेदारी की संभावनाओं के साथ-साथ क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
राज्य मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा येरेवन वार्ता के उद्घाटन के अवसर पर विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान के साथ एक सार्थक बैठक हुई। भारत-अर्मेनिया द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई, जिसमें व्यापार, आर्थिक, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आदान-प्रदान शामिल है। पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों और साधनों पर विचार साझा किए। साथ ही, आपसी हितों के क्षेत्रीय/वैश्विक मुद्दों पर दृष्टिकोण साझा किए।
विदेश राज्य मंत्री ने अपनी इस यात्रा के दौरान आर्मेनिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों और छात्रों के साथ बातचीत की। इसके साथ ही सिंह ने येरेवन के ब्यूनस आयर्स पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment