Wednesday, 22 July 2026
Latest News

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की रोशनी से जगमगाईं ऐतिहासिक इमारतें

By admin · · 2 min read · 2 views

नई दिल्ली। भारत सहित दुनियाभर में 78वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान देश-विदेश में स्थित ऐतिहासिक इमारतें राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंग में रंगी नजर आईं। रंग-बिरंगी रोशनी में सजी ये इमारतें भारत और विदेशों में देश की आजादी की गाथा गाती प्रतीत हो रही थीं।
दिल्ली के इंडिया गेट से लेकर कन्याकुमारी के समुद्र तट पर गांधी मंडपम तक तिरंगे की रोशनी में नहाए नजर आए। श्रीनगर के लाल चौक से लेकर अटारी-वाघा बॉर्डर को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही राष्ट्रीय राजधानी केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी में जगमगाती नजर आई। यहां इंडिया गेट से लेकर राष्ट्रपति भवन, संविधान सदन, लाला किला, दिल्ली सचिवालय, डीडीए बिल्डिंग की विकास मीनार, हुमायूं का मकबरा समेत कई ऐतिहासिक इमारतें तिरंगे की रोशनी से सराबोर रही।
दूसरी ओर मुंबई में बीएमसी मुख्यालय, मंत्रालय भवन और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से लेकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जगमगाते नजर आए। इसी तरह कोलकाता में राजभवन और कोलकाता हाईकोर्ट राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से सराबोर रहे। चेन्नई में मरीन किंगडम में पानी के अंदर झंडा लहराया गया। इसके अलावा आगरा में अकबर टॉम्ब, बेबी ताज, पंच महल और आगरा किला की खूबसूरती देखते ही बन रही थी, जबकि लखनऊ में विधान भवन, हैदराबाद का गोलकोंडा किला, तेलंगाना विधानसभा एवं तेलंगाना सचिवालय, भोपाल का कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर रोशनी से नहाए नजर आए।
प्रयागराज में रेलवे स्टेशन और इलाहाबाद हाईकोर्ट की ऐतिहासिक बिल्डिंग को शानदार लाइटों से सजाया गया। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग स्थित मार्तंड सूर्य मंदिर आजादी के बाद पहली बार तिरंगे की भव्य रोशनी से रोशन किया गया। विदेशों की बात करें तो दुबई की विख्यात ‘बुर्ज खलीफा’ इमारत और न्यूयॉर्क के विख्यात ‘टाइम्स स्क्वायर’ पर भी भारतीय ध्वज प्रदर्शित किया गया, जिसने वहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को राष्ट्र प्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment