Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

ईरान: विदेश मंत्रालय में आर्थिक मामलों के सचिव ने एशिया सहयोग वार्ता में लिया हिस्सा

By admin · · 3 min read · 108 views

तेहरान। विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) दम्मू रवि ने ईरान की राजधानी तेहरान में आयोजित 19वीं एशिया सहयोग वार्ता (एसीडी) मंत्रिस्तरीय बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर भारत की प्रतिबद्धता स्पष्ट करने के साथ ही कई देशों के नेताओं और अधिकारियों के साथ वार्ता भी की।
ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा 19वीं एशिया सहयोग वार्ता मंत्रिस्तरीय बैठक में सचिव (आर्थिक संबंध) दम्मू रवि ने बहुपक्षवाद को मजबूत करने और सुधारने, कनेक्टिविटी परियोजनाओं में संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान रवि ने भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर अनुभव को साझा करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली में पारंपरिक चिकित्सा को एकीकृत करने और जलवायु कार्रवाई तथा जलवायु न्याय के आह्वान पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बैठक से इतर कई देशों के नेताओं और अधिकारियों से भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की।
तेहरान में भारतीय दूतावास ने बताया कि रवि ने विदेश मामलों के आर्थिक कूटनीति के उप मंत्री डॉ. मेहदी सफारी से मुलाकात की और द्विपक्षीय व्यापार संबंधों पर चर्चा की, जिसमें चाबहार बंदरगाह का विकास भी शामिल है। उन्होंने रूसी उप विदेश मंत्री रुडेंको आंद्रे युरेविच के साथ द्विपक्षीय सहयोग तथा आपसी हित के क्षेत्रों पर चर्चा की।
दूतावास के अनुसार इसके अलावा उन्होंने उज्बेकिस्तान गणराज्य के प्रथम उप विदेश मंत्री डॉ. एलोयेव बख्रोमजोन जुराबोयेविच से भी मुलाकात की। सचिव (आर्थिक संबंध) ने बांग्लादेश की विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के सदस्य मोहम्मद शहरियार आलम से मुलाकात की, जिस दौरान उन्होंने बांग्लादेश के प्रति भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति की प्रतिबद्धता जताई। रवि ने ओमान के राजदूत शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला अल-हिनाई के साथ एक उपयोगी बैठक की और द्विपक्षीय सहयोग, संपर्क और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा की।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment