Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

नेपाल में भारत की वित्तीय सहायता से निर्मित स्कूल का उद्घाटन

By admin · · 2 min read · 125 views

काठमांडू। नेपाल के भक्तपुर में भारत की वित्तीय सहायता से निर्मित स्कूल की नई इमारत का सोमवार को उद्घाटन किया गया। स्कूल इमारत का उद्घाटन काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव अविनाश कुमार सिंह और स्थानीय सांसद दुर्लाव थापा छेत्री ने संयुक्त रूप से किया।
भारतीय दूतावास ने उद्धाटन की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा यह उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) ‘नेपाल-भारत विकास सहयोग’ के तहत भारत सरकार की वित्तीय सहायता से तैयार की गई है।
दूतावास ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि भक्तपुर के अंतर्गत आने वाले सूर्यबिनायक नगर पालिका क्षेत्र में महेंद्र शांति माध्यमिक विद्यालय की नई इमारत का निर्माण 1.13 करोड़ नेपाली रुपये की परियोजना लागत से भारत की वित्तीय सहायता से हुआ है।
दूतावास ने कहा विद्यालय के लिए अन्य सुविधाओं सहित तीन मंजिला स्कूल भवन के निर्माण के लिए ‘नेपाल-भारत विकास सहयोग’ के तहत भारत सरकार के अनुदान का उपयोग किया गया। कार्यक्रम में मौजूद माननीय सांसद, जिला समन्वय समिति के प्रमुख, महापौर और उप महापौर के साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने नेपाल के लोगों के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में भारत सरकार की ओर से निरंतर किए जा रहे सहयोग की सराहना की।
करीबी पड़ोसी होने के नाते, भारत और नेपाल व्यापक और बहु-क्षेत्रीय सहयोग साझा करते हैं। भारत ने अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति पर चलते हुए हाल ही में शिक्षा और स्वास्थ्य से लेकर बुनियादी ढांचे के विकास में नेपाल की काफी मदद की है। एचआईसीडीपी का कार्यान्वयन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को बढ़ाकर नेपाल सरकार के प्रयासों को मजबूत करने में भारत सरकार के निरंतर समर्थन को दर्शाता है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment