Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

पहली बिम्सटेक बिजनेस समिट का उद्घाटन करेंगे जयशंकर

By admin · · 2 min read · 104 views

नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर यहां मंगलवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय पहले बिम्सटेक व्यापार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। समिट को वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ ही कई अन्य गणमान्य व्यक्ति संबोधित करेंगे।
बिम्सटेक बिजनेस समिट के पहले संस्करण का आयोजन विदेश मंत्रालय भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से कर रहा है, जिसका उद्देश्य बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (बिम्सटेक) के सदस्य देशों के बीच मजबूत व्यापार और निवेश संबंधों के माध्यम से अधिक क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा व्यापार, वाणिज्य और उद्योग के साथ-साथ ऊर्जा के क्षेत्र से बिम्सटेक सदस्य देशों के कई मंत्री, उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारी, नीति निर्माता, उद्यमी और उद्योग संघ इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के 300 से अधिक प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाएगा, ताकि आर्थिक सहयोग को सुगम बनाया जा सके और व्यापार सुविधा, क्षेत्रीय संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा, समावेशी विकास तथा सतत विकास जैसे फोकस क्षेत्रों में आगे के रास्ते तलाशे जा सकें।
मंत्रालय ने कहा भारत बिम्सटेक को बहुत महत्व देता है, जो दक्षिण एशिया के पांच देशों (बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, भारत और श्रीलंका) और दक्षिण-पूर्व एशिया के दो देशों (म्यांमार और थाईलैंड) को जोड़ता है।
इससे पहले जयशंकर ने राष्ट्रीय राजधानी में जुलाई में बिम्सटेक सदस्य देशों के अपने समकक्षों की मेजबानी भी की थी। बिम्सटेक के विदेश मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान भारत ने अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ और ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के साथ ही सागर दृष्टिकोण पर फोकस किया था।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment