Saturday, 24 October 2026 Live24×7 News India media
Breaking
  • भारत की दो टूक- अधूरे सुधार से नहीं बदलेगी यूएनएससी की तस्वीर
Latest News

नेपाल से ‘रोटी बेटी’ संबंध होंगे और मजबूत

By admin · · 2 min read · 101 views
नेपाल से ‘रोटी बेटी’ संबंध होंगे और मजबूत
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आज नेपाल पहुंचे, यात्रा के दौरान वह दोनों देशों के बीच बहुमुखी सहयोग की संपूर्ण श्रृंखला पर देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। विनय मोहन क्वात्रा अपने नेपाली समकक्ष भरत राज पौडयाल के निमंत्रण पर नेपाल गए हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल के साथ अपने संबंधों को प्राथमिकता देने के क्रम में है। भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति भारतीय विदेश नीति का एक अभिन्न अंग है। नीति भारत के दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के साथ अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण और सहक्रियात्मक संबंध बनाने का प्रयास करती है। लैंडलॉक नेपाल माल और सेवाओं के परिवहन के लिए भारत पर बहुत अधिक निर्भर करता है वहीँ भारत भी पडोसी देश की हमेशा मदद करता हैं।
नेपाल पहुंचने पर विदेश सचिव का स्वागत किया गया और नेपाल में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि नेपाल में विदेश सचिव विनय क्वात्रा का स्वागत है जो 14 फरवरी तक नेपाल का दौरा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान विदेश सचिव नेपाल के विदेश सचिव भरत राज पौडयाल से मिलेंगे और बहुआयामी भारत-नेपाल सहयोग की पूरी श्रृंखला पर चर्चा करेंगे।
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा यात्रा के दौरान नेपाल और भारत के विदेश सचिव द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न मामलों जैसे कनेक्टिविटी, बिजली व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य और संस्कृति सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आधिकारिक बैठकों के अलावा विदेश सचिव क्वात्रा के नेपाल के शीर्ष राजनीतिक नेताओं से भी मिलने की उम्मीद है, जिसमें नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और सीपीएन-यूएमएल अध्यक्ष केo पीo शर्मा ओली शामिल हैं।
(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

admin

Leave a Comment